नई दिल्ली। देश के नए उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू चुने गए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी को 272 वोटों से मात दी है। वेंकैया नायडू को कुल 516 वोट मिले, जबकि यूपीए उम्मीदवार को 244 वोट हासिल हुए। 11 वोट अवैध करार दिए गए। इस तरह ऐसा पहली बार हुआ है कि बीजेपी के नेता देश के 3 बड़े संवैधानिक पदों राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री पर काबिज होंगे। इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव में रामनाथ कोविंद ने विपक्ष के उम्मीदवार मीरा कुमार को हराया था। मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी लगातार 2 बार इस पद पर रहें और उनका मौजूदा कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। नायडू देश के इस दूसरे सर्वोच्च पद पर पहुंचने वाले 13वें शख्स हैं। मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और देश के पहले उपराष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन लगातार 2-2 कार्यकाल तक इस पद पर रहे।
14 सांसद नहीं डाल पाए वोट
बीजेपी नेता बीजेपी ने संघ परिवार के करीबी वेंकैया नायडू को एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था। शुक्रवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में 98.21% वोट डाले गए। चुनाव में कुल 785 सांसदों को वोट डालना था लेकिन 771 सांसदों ने ही वोट डाला, 14 सांसदों ने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया। वोटिंग सुबह 10 बजे शुरू हुई जो शाम 5 बजे तक चली। वोटों की गिनती शाम 6 बजे से शुरू हुई और नतीजों का ऐलान शाम करीब 7 बजे किया गया।
जीत पर दी बधाईयां
गोपालकृष्ण गांधी ने वेंकैया नायडू को जीत की बधाई दी है। उन्होंने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए सभी वोट देने वालों को धन्यवाद कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नायडू को उपराष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है। गोपालकृष्ण गांधी की हार पर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि विपक्ष कभी विचारधारा से समझौता नहीं करेगा भले ही हमें हार का सामना करना पड़े। आजाद ने एनडीए के खिलाफ वोट देने वाले सभी सांसदों का आभार जताया।
Saturday, August 5, 2017
SHARE
Author: Sadbhavna News verified_user
0 comments: