Saturday, September 2, 2017

नीतीश बताएं, बाढ़ 2 पैर वाले चूहों या 4 पैर वाले चूहों की वजह से आई: #Lalu

SHARE

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बिहार में आई बाढ़ के पीछे चूहों की भूमिका होने पर तंज कसा है। राज्य सरकार के जलसंसाधन मंत्री ललन सिंह ने हाल ही यह बयान दिया था कि चूहों के कारण बिहार में तटबंधों को नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते राज्य बाढ़ की चपेट में है। इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लालू प्रसाद यादव ने शनिवार को अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए राज्य सरकार पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल किया है। लालू ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह बताना चाहिए कि बिहार में बाढ़ दो पैर वाले चूहों की वजह से आई या चार पैरों वाले चूहों की वजह से।

इस बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू ने ट्विटर पर मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधते हुए लिखा, ‘नीतीश बताएं कि बिहार में बाढ़ दो पैर वाले चूहों की वजह से आई या चार पैरों वाले चूहों की वजह से, जो तटबंध निर्माण का हजारों करोड़ रुपये खा गए।’ लालू यहीं नहीं रुके।
एक अन्य ट्वीट में लालू ने अपने खास अंदाज में कटाक्ष करते हुए लिखा, ‘बाढ़ की जवाबदेही चूहों की है, नीतीश की थोड़े है। नीतीश तो नैतिकता के नशे में मस्त और अंतरात्मा से वातार्लाप में व्यस्त हैं। जय हो चूहा सरकार की।’

एक अन्य ट्वीट में लालू ने लिखा, ‘हजारों टन शराब गायब- चूहे जिम्मेदार। बाढ़ में हजारों लोग मरे- चूहे जिम्मेदार। मानो ये चूहे न हुए, नीतीश के सरकारी बलि के बकरे हो गए।’ उन्होंने आगे एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘गजब रे गजब भाई। क्या आप जानते हैं, बिहार में बाढ़ चूहों के कारण आई। यदि नहीं, तो पता करिए, नीतीश बताएंगे कि चूहे कैसे बिहार में बाढ़ लेकर आए।’

बिहार के जलसंसाधन मंत्री ललन सिंह ने बिहार में तटबंध में बाढ़ के रिसाव का बड़ा कारण चूहों को मानते हुए उन्हें ही बाढ़ का प्रमुख कारण बताया था। इस बयान के बाद विपक्षी दल के लोग लगातार नीतीश सरकार पर निशाना साध रहे हैं।


SHARE

Author: verified_user

0 comments: