Sunday, May 20, 2018

Karnataka Politics : दिल्ली के अड़ने पर बनी थी भाजपा की सरकार

SHARE

नई दिल्ली  भाजपा के रणनीतिकार अल्पमत सरकार के पक्ष में नहीं थे। लेकिन दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के अड़ने पर येद्दियुरप्पा ने शपथ ली। सूत्रों के मुताबिक चुनाव में अहम भूमिका में रहे राज्यसभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर का मत था कि बहुमत का जुगाड़ जल्दी संभव नहीं है। पहले कांग्रेस-जेडीएस को सरकार बनाने दें। फ्लोर टेस्ट के लिए राज्यपाल उन्हें 10-15 दिन देंगे। उस दौरान विधायक तोड़कर कांग्रेस-जेडीएस सरकार गिरा सकते हैं। नहीं तो 5-6 माह में गठबंधन सरकार में विवाद जरूर होंगे। ऐसे में लोकसभा चुनाव के करीब कुमारस्वामी की सरकार गिरा सकते हैं। लेकिन शीर्ष नेतृत्व सरकार बनाना चाहता था। विधायक जुटाने का काम येदियुरप्पा के विरोधी सोमशेखर रेड्‌डी को सौंपा। लेकिन विपक्ष की घेराबंदी और सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने सारी रणनीति पर पानी फेर दिया। और तो और तुमकुर मठ के धर्मगुरु शिवकुमार स्वामी भी लिंगायत विधायकों से संपर्क नहीं कर पाए थे।



येदियुरप्पा फेल हुए फ्लोर टेस्ट के पहले

 कर्नाटक में 55 घंटे के मुख्यमंत्री येद्दियुरप्पा को शनिवार शाम शक्ति परीक्षण से पहले ही इस्तीफा देना पड़ा। राज्यपाल ने येदियुरप्पा को बहुमत साबित करने के लिए 15 दिन दिए थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मोहलत घटाकर एक दिन कर दी थी। कोर्ट ने शनिवार सुबह फ्लोर टेस्ट के सीधे प्रसारण का भी आदेश दिया। इसके बाद 4 घंटे में घटनाक्रम तेजी से बदला। 101% जीत का दावा करने वाली भाजपा बैकफुट पर आ गई। कांग्रेस ने 4 टेप जारी कर भाजपा पर विधायक खरीदने के आरोप लगाए। कांग्रेस के 3 लापता विधायक भी लौट आए। डेढ़ बजे तक भाजपा को हार का अाभास हो गया। इसके बाद भावुक भाषण के साथ येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: