Wednesday, August 8, 2018

केन्द्र द्वारा भविष्य के विकास की रूपरेखा‘ के तहत राजधानी रायपुर का चयन

SHARE

केन्द्रीय शहरी विकास और आवास मंत्रालय के सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्रा ने की राज्य के नगरीय प्रशासन तथा विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा

  
 रायपुर, केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने शहरों के भविष्य के विकास की रूपरेखा तय करने की दिशा में योजनाबद्ध ढंग से काम शुरू कर दिया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ के शहरों में से राजधानी रायपुर का चयन किया है। यह जानकारी आज यहां मंत्रालय (महानदी भवन) में केन्द्र शासन के शहरी तथा आवास मंत्रालय के सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्रा ने राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में दी। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
    उन्होंने कहा कि राज्य के शहरों में विकास और नागरिक सुविधाओं के कार्यों के लिए केन्द्र शासन भरपूर सहयोग देगा। शहरों में पेयजल, सड़क और जल विकास के स्वीकृत कार्यों को पूरा करें और नये कार्यों के लिए कार्ययोजना बनायें। श्री मिश्रा ने राज्य में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा राज्य के शहरों में जन सुविधाओं के लिए कराएं जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव श्री अजय सिंह ने की। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), अमृत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और शहरी आजीविका मिशन के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
    राज्य शासन के नगरीय प्रशासन तथा विकास विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने विभागीय कार्यकलापों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के 168 नगरीय निकायों को पिछले साल 2 अक्टूबर को ही ओ.डी.एफ. घोषित किया जा चुका है। राज्य के शहरी क्षेत्रों में तीन लाख 16 हजार 223 शौचालयों का निर्माण कराया गया है इसमें राज्य शासन द्वारा प्रत्येक शौचालय के निर्माण में तेरह हजार रूपए व्यय किया गया है जो देश के सभी राज्यों से अधिक है। इसी तरह से राज्य के 165 नगरीय निकायों में मिशन क्लीन सिटी के तहत अम्बिकापुर मॉडल की तर्ज पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत 28 लाख से ज्यादा डस्टबीन का वितरण किया गया है।
    बैठक में यह भी बताया गया कि छत्तीसगढ़ के 158 शहरों में मिशन निर्मल सिटी 50 करोड़ रूपए की लागत से परियोजना चलायी जा रही है। इसी तरह से मिशन अमृत के अंतर्गत राज्य के रायपुर, भिलाई, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़, दुर्ग, राजनांदगांव, अम्बिकापुर और जगदलपुर शहरों में वहां पर सीवरेज, उद्यानों और पेयजल परियोजना के लिए तीन चरणों में चरणबद्ध कार्य चल रहा है। इसके लिए कुल दो हजार 197 करोड़ रूपए व्यय किया जाएगा। राज्य के तीन शहरों में ‘स्मार्ट सिटी मिशन‘ के तहत रायपुर, बिलासपुर और नया रायपुर में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रायपुर और नया रायपुर सहित बिलासपुर, भिलाई, अम्बिकापुर, दुर्ग, धमतरी और अन्य शहरों में विभिन्न आवासीय योजनाओं के तहत 28 हजार 942 आवास बनाये गये हैं। राज्य में दीनदयाल अन्त्योदय शहरी आजीविका मिशन के तहत 168 नगरीय निकायों में इस वर्ष लगभग 22 करोड़ रूपए से ज्यादा की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
    बैठक में नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रजत कुमार ने स्मार्ट सिटी नया रायपुर के अंतर्गत किये जा रहे चरणबद्ध कार्यों को प्रस्तुतीकरण के जरिए बताया। बैठक में आवास एवं पर्यावरण के सचिव श्री संजय शुक्ला सहित राज्य के सभी नगर निगमों के कमिश्नर सहित केन्द्र शासन के शहरी एवं आवास मंत्रालय के अधिकारीगण मौजूद थे।
SHARE

Author: verified_user

0 comments:

arrow_upward