Monday, May 1, 2023

Tim David के 3 छक्कों से बदला वानखेड़े का इतिहास

SHARE


 आईपीएल 2023 में रविवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 6 विकेट से हराया। टिम डेविड ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंदों पर 45 रन कूटे और मुंबई की यादगार जीत के हीरो रहे।
 वानखेड़े के मैदान पर आए टिम डेविड के तूफान ने राजस्थान रॉयल्स के जबड़े से जीत को छीन लिया। टिम डेविड ने आखिरी ओवर में एक के बाद एक लगातार तीन सिक्स लगाते हुए मुंबई इंडियंस की इस सीजन की चौथी जीत पर मुहर लगाई। राजस्थान पर मिली धमाकेदार जीत के साथ ही पांच बार की चैंपियन मुंबई ने आईपीएल के कई बड़े रिकॉर्ड्स को भी चकनाचूर कर डाला है।

वानखेड़े में सबसे बड़ा चेज

मुंबई इंडियंस ने राजस्थान को 6 विकेट से मात देते हुए वानखेड़े में आईपीएल का अब तक का सबसे बड़ा चेज सफलतापूर्वक हासिल किया। राजस्थान से मिले 213 रनों के लक्ष्य को रोहित की पलटन ने 3 गेंद शेष रहते हुए हासिल किया। इससे पहले आईपीएल के इतिहास में आजतक कभी भी वानखेड़े में 200 से ऊपर का टारगेट चेज नहीं हुआ था। मुंबई ने साल 2019 में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए 198 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया था।

आईपीएल का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज

मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा रन चेज भी सफलतापूर्वक पूरा किया। मुंबई के लिए टिम डेविड के अलावा सूर्यकुमार यादव ने भी बल्ले से जौहर दिखाए और उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 29 गेंद पर 55 रन कूटे। वहीं, तिलक वर्मा ने 21 गेंद पर 29 रनों की नाबाद पारी खेली।

टिम डेविड ने मचाई तबाही

मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत दिलाने का टिम डेविड ने अहम रोल अदा किया। डेविड ने आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के लगाते हुए राजस्थान के अरमानों पर पानी फेरा। मुंबई के बल्लेबाज ने महज 14 गेंद पर 321 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 45 रन कूटे। इस दौरान उन्होंने दो चौके और पांच छक्के जमाए।
यशस्वी ने ठोका शतक

राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जमाया। यशस्वी ने विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए महज 62 गेंद पर 124 रनों की आतिशी पारी खेली और वानखेड़े में फैन्स का खूब मनोरंजन किया। यशस्वी की पारी के दम पर राजस्थान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में अपना सबसे बड़ा स्कोर भी खड़ा किया।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: