Thursday, June 6, 2024

न्यूयॉर्क की पिच को लेकर मचा बवाल, पूर्व क्रिकेटरों ने लगाई ICC को लताड़; कहा- खिलाड़ियों के लिए खतरनाक...

SHARE

 न्यूयॉर्क की पिच को लेकर मचा बवाल, पूर्व क्रिकेटरों ने लगाई ICC को लताड़; कहा- खिलाड़ियों के लिए खतरनाक...


न्यूयॉर्क में बने अस्थायी क्रिकेट स्टेडियम में आईसीसी ने चार ड्रॉप इन पिचें लगाई हैं जिसमें दो पिचों पर एक अभ्यास मैच और दो लीग मैच हुए। तीनों मैचों में बल्लेबाजों की हालत ज्यादा अच्छी नहीं रही। कभी पिच स्लो नजर आई तो कभी दोहरा उछाल दिखाई दिया। टी-20 को बल्लेबाजों का खेल माना जाता है लेकिन यहां पर बल्लेबाजों के लिए कुछ खास दिखाई नहीं दे रहा है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) हमेशा स्पोर्टिंग पिचों की बात करता है, लेकिन अगर दो मैच को छोड़ दें, उसकी देखरेख में हो रहे टी-20 प्रारूप के सबसे बड़े टूर्नामेंट में अब तक अच्छी पिचें देखने को नहीं मिली हैं, खासकर न्यूयार्क की ड्रॉप इन पिचें विश्व स्तरीय नहीं हैं। भारत में जब भी मैच होते हैं तो वहां की पिच पर काफी सवाल उठाए जाते हैं। हालांकि, न्यूयॉर्क की पिच पर उठ रहे सवालों पर आईसीसी मौन है।
सूत्रों के मुताबिक ड्रॉप इन पिच को स्थापित करने में करीब छह से नौ महीने लगते हैं, लेकिन न्यूयार्क की नसाऊ काउंटी के आइजनहवर पार्क में बने अस्थायी स्टेडियम में इसे तीन महीने में ही सेट कर दिया गया। अमूमन पिच में एक तरफ से स्लोप शुरू होता है और बीच में पिच हल्की सी ऊंची होती है और दूसरी ओर जाकर स्लोप खत्म होता है, लेकिन यह पिच बीच में जाकर हल्की सी नीची हो जा रही है।
पिच पर दिखी दरारें

यही नहीं पिच में बीच-बीच में हल्के से पैच (दरारें) हैं जिसमें गेंद पड़ रही है तो नीची रह रही है और उनके किनारे पर जब गेंद टप्पा खा रही है तो उसमें टेनिस बाउंस (उछाल) मिलता है। यही नहीं यहां की आउटफील्ड भी काफी धीमी है। भारत और आयरलैंड के बीच लीग मैच में भी यह साफ दिखाई दिया।

आयरिश टीम तो भारतीय तेज गेंदबाजों को सह भी नहीं सकी, जबकि एक असमान उछाल वाली गेंद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बांह में लगी, जिसके कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर जाना पड़ा। यही नहीं जो भारतीय दर्शक यहां पर अच्छा मैच देखने आए थे उन्हें कम समय का मैच देखकर जाना पड़ा। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने भारत और आयरलैंड की पिच को शॉकिंग पिच तक बता दिया।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: