Tuesday, October 21, 2025

नवी मुंबई की इमारत में भीषण आग, चार लोगों की जलकर मौत; 10 घायल

SHARE

 नवी मुंबई की इमारत में भीषण आग, चार लोगों की जलकर मौत; 10 घायल


Navi Mumbai Fire: नवी मुंबई के सेक्टर 14 स्थित रहेजा रेजीडेंसी में बीती रात एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आधी रात को लगी इस आग में 4 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग झुलस गए। आग 10वीं मंजिल से शुरू होकर 11वीं और 12वीं मंजिल तक फैल गई।




नवी मुंबई में बहुमंजिला इमारत में लगी आग। फोटो- एएनआई

 नवी मुंबई में बीती रात एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि कई लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में 4 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई और 10 लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं।


मुंबई पुलिस के अनुसार, यह आग आधी रात को लगभग 12:30 बजे के आसपास लगी। नवी मुंबई के सेक्टर 14 स्थित MGM कॉम्प्लेक्स के रहेजा रेजीडेंसी में 10वें फ्लोर पर लगी आग कुछ ही देर में 11वीं और 12वीं मंजिल तक पहुंच गई।



पुलिस ने दी जानकारी

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया, "आग में 2 महिलाएं, 1 पुरुष और 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। 10 लोग आग में बुरी तरह से झुलस गए थे। सभी को इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया था। उनमें से कुछ लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है और कुछ का इलाज अभी भी जारी है।"


आग लगने की वजह साफ नहीं

आग लगने की असली वजह अभी तक पता नहीं चल रही है। आग की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया गया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: