लंदन। दक्षिणी इंग्लैंड के राजमार्ग पर दो ट्रकों की टक्कर के बीच एक मिनीबस के आ जाने से एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। ब्रिटेन में पिछले 24 सालों के दौरान हुई यह सबसे भयानक सड़क दुर्घटना है। इसमें 6 युवकों और 2 महिलाओं की मौत हो गई। मरने वालों में भारतीय भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना देर रात बकिंघमशायर में न्यूपोर्ट पगनेल के पास राजमार्ग एम1 पर हुई। हादसे में मरने वाले सभी लोग मिनीबस में थे। मिनीबस दोनों ट्रकों के बीच आ गई थी।
दोनों ट्रक चालकों को किया गया गिरफ्तार
लंदन में भारतीय उच्चायोग ने कहा ‘इस दुर्घटना से प्रभावित होने वाले लोगों को हम हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।’ घटनास्थल से दोनों ट्रक के चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनपर खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने के कारण हुई मौतों का मामला दर्ज किया गया है। थेम्स वैली पुलिस ने कहा कि 31 वर्षीय रिसजार्ड मासीअरक और 51 वर्षीय डेविड वागस्टाफ पर खतरनाक ढंग से वाहन चलाने से हुई आठ लोगों की मौत का आरोप लगाया है।
शराब पीकर ट्रक चलाने का आरोप
मासीअरक पर तय सीमा से अधिक शराब पीकर लापरवाह ढंग से वाहन चलाने का भी आरोप लगाया गया है। उसे पुलिस हिरासत में रखा गया है। उसे हाई वाइकोंब मजिस्ट्रेट की अदालत के सामने पेश किया जाएगा। वहीं खतरनाक ढंग से वाहन चलाने के आरोपी वागस्टाफ को जमानत दे गई है और उसे 11 सितंबर को मिल्टन केयन्स मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष प्रस्तुत होना है।
पुलिस ने मारने वाले का नहीं दिया ब्योरा
थेम्स वैली पुलिस ने एक बयान में कहा ‘यह आरोप तड़के 3:15 से कुछ समय पहले हुई एक टक्कर के संबंध में लगाए गए हैं। जिसमें 6 पुरुष और 2 महिलाओं की मौत हो गई है। इसमें चार लोगों को चोटें भी आर्इं हैं। इन्हें अस्पताल ले जाया गया और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।’ ब्रिटेन की पुलिस ने दुर्घटना में मारे जाने वाले लोगों का ब्योरा अभी नहीं दिया है।
24 साल पहले हुआ था ऐसा ही हादसा
इससे पहले नवंबर 1993 भयानक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 12 थी। इसमें बच्चे और उनके शिक्षक शामिल थे। उनकी मौत एम 40 पर एक मिनीबस दुर्घटना में हुई थी।
Monday, August 28, 2017
SHARE
Author: Sadbhavna News verified_user
0 comments: