Wednesday, August 14, 2024

हजारों समर्थकों के साथ Al-Aqsa मस्जिद में दाखिल हुए इजरायली दक्षिणपंथी नेता, क्यों भड़के US और यूरोपीय देश?

SHARE

 हजारों समर्थकों के साथ Al-Aqsa मस्जिद में दाखिल हुए इजरायली दक्षिणपंथी नेता, क्यों भड़के US और यूरोपीय देश?


इजरायल के दक्षिणपंथी नेता हैं इतामार बेन ग्वीर। ग्वीर की एक हरकत की वजह से अमेरिका सहित यूरोपीय संघ ने इजरायल को आड़े हाथों लिया है। दरअसल बेन ग्वीर ने यरुशलम स्थित विवादित अल-अक्सा मस्जिद में जाकर वीडियो बनाई और वहां अपने लोगों के साथ प्रार्थना की है। पश्चिमी देश उनके इस कदम को जंग में उकसावे के कदम के तौर पर देख रहे हैं।


बेन ग्वीर 2,250 इजरायली लोगों के साथ मंगलवार को मस्जिद परिसर में दाखिल हुए। 

 इजरायल के दक्षिणपंथी नेता इतामार बेन ग्वीर ने सैकड़ों इजरायलियों के साथ मंगलवार को यरुशलम में विवादित अल-अक्सा मस्जिद में जाकर प्रार्थना की। बेन ग्वीर के इस कदम से यूरोपीय देशों के साथ में अन्य देश नाराज हो गए हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की हत्या के बाद इजरायल पर ईरान और लेबनान द्वारा हमले की आशंका बनी हुई है।

दरअसल, अल-अक्सा मस्जिद परिसर में यहूदियों के प्रार्थना करने पर प्रतिबंध है। यही वजह है कि बेन ग्वीर के अल अक्सा में प्रार्थना करने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद हो गया है। उनकी इस हरकत से युद्ध बढ़ने की आशंका बढ़ गई है।

यहूदी भजन गाते हुए मस्जिद परिसर में दाखिल हुए बेन

समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि बेन ग्वीर और 2,250 इजरायली लोगों के साथ मंगलवार को यहूदी भजन गाते हुए मस्जिद परिसर में दाखिल हुए। इस दौरान ग्वीर के साथ में भारी संख्या में इजरायली पुलिस के जवान थे। यह जानकारी अल-अक्सा के संरक्षक और जॉर्डन की संस्था वक्फ के एक अधिकारी ने दी।
यहूदीकरण अभियान चला रहे थे बेन ग्वीर

अल-अक्सा के संरक्षक ने कहा, "मंत्री बेन ग्वीर मस्जिद में यथास्थिति बनाए रखने के बजाय यहूदीकरण अभियान चला रहे थे। वह अल-अक्सा मस्जिद के अंदर स्थिति को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें इस मुद्दे पर बोलने का अधिकार नहीं है।" उन्होंने कहा कि इजरायली पुलिस ने मस्जिद में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे मुस्लिम श्रद्धालुओं को नहीं घुसने दिया। इस दौरान बेन ग्वीर के समर्थकों ने मस्जिद के अंदर वीडियो भी बनाई।



हमें हमास को घुटनों पर लाना होगा- बेन ग्वीर

बेन ग्वीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने गाजा में हमास के खिलाफ युद्ध जीतने की शपथ खाई। उन्होंने कहा कि इजरायल को दोहा या काहिरा में होने वाली शांति वार्ताओं की ओर नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम हमास को हरा सकते हैं। हमें उन्हें घुटनों पर लाना होगा।

दुनियाभर के देशों ने आपत्ति जताई

बेन ग्वीर की इस हरकत से जंग में हमला और तेज होने की आशंका बढ़ गई है। अल अक्सा मस्जिद में प्रार्थना करने पर दुनियाभर के देशों ने आपत्ति जताई है। इसमें अमेरिका और अरब देशों के साथ पश्चिमी देश भी शामिल हैं।
ऐसी घटनाओं को होने से रोकें नेतन्याहू- अमेरिका

यूरोपीय संघ कहा कि यह उकसावा है और निंदा करते हुए इसे यथास्थिति का उल्लंघन बताया। फ्रांस और संयुक्त राष्ट्र ने भी इस हरकत को अनावश्यक रूप से भड़काऊ बताया। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि बेन ग्वीर ने अल अक्सा में यथास्थिति का उल्लंघन किया है और ब्लिंकन ने पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से अपील की है कि वह ऐसी घटनाओं को होने से रोकें। ऐसी घटनाएं सिर्फ तनाव को बढ़ाएंगी।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: