Sunday, February 9, 2025

फोकस में रोहित शर्मा और विराट कोहली, टीम इंडिया की नजरें सीरीज जीतने पर, इंग्लैंड के लिए करो या मरो वाले हालात

SHARE

 फोकस में रोहित शर्मा और विराट कोहली, टीम इंडिया की नजरें सीरीज जीतने पर, इंग्लैंड के लिए करो या मरो वाले हालात


भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज कटक के बाराबटी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच में सभी की नजरें टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और वापसी कर रहे विराट कोहली की फॉर्म पर होंगी। वहीं इंग्लैंड के लिए सीरीज में बने रहने के लिए ये मैच काफी अहम बन गया है।

विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें

 भारतीय टीम रविवार को जब कटक के बाराबटी स्टेडियम में इंग्लैंड के विरुद्ध दूसरे मुकाबले में उतरेगी तो सभी की नजरें कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म के साथ विराट कोहली की वापसी पर भी टिकी होंगी।


भारत नागपुर में खेले गए पहले वनडे में चार विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैच की सीरीज में 1-0 से आगे है और उसका लक्ष्य कटक में जीत के साथ सीरीज में अजेय बढ़त लेने का होगा।

कौन जाएगा बाहर?

घुटने में चोट के कारण नागपुर में खेले गए वनडे में नहीं खेलने वाले विराट की टीम में वापसी होती है तो कौन बाहर होगा, ये बड़ा सवाल है। विराट की अनुपस्थिति में श्रेयस अय्यर को अंतिम एकादश में जगह दी गई थी और उन्होंने राष्ट्रीय टीम में वापसी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा था।

ऐसे में श्रेयस को बाहर बिठाना इतना आसान नहीं होगा तो क्या पिछले मैच में यशस्वी जायसवाल को बाहर बैठना पड़ेगा, ये देखने वाली बात होगी। अगर पहले की बात होती तो कोहली को अय्यर की जगह टीम में शामिल किया जाता, लेकिन अब पूरी संभावना है कि उन्हें पहले मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले आरंभिक बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की जगह टीम में लिया जाएगा। ऐसे में रोहित के साथ उपकप्तान शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

कोहली की फॉर्म पर नजरें
कोहली अगर फिट होकर टीम में वापसी करते हैं तो टीम प्रबंधन उनकी फॉर्म पर नजर रखेगा क्योंकि वह पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे में खराब प्रदर्शन के बाद कोहली ने दिल्ली की तरफ से एक रणजी मैच भी खेला लेकिन इस मैच में भी वह केवल छह रन ही बना पाए थे, लेकिन कोहली ने वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और वह इस प्रारूप में 14000 रन पूरे करने से केवल 94 रन दूर हैं।

अगर वह यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो फिर वह सचिन तेंदुलकर (18,426) और कुमार संगकारा (14,234) के बाद इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।


रोहित को बनाने होंगे रनकोहली की तरह कप्तान रोहित भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह पहले वनडे में केवल दो रन बना पाए थे। मुंबई के इस बल्लेबाज ने पिछले साल श्रीलंका के विरुद्ध कोलंबो में 64 रन बनाने के बाद किसी भी प्रारूप में अर्धशतक नहीं लगाया है। अगर रोहित दूसरे वनडे में भी रन नहीं बना पाते हैं तो उनकी फॉर्म और भविष्य को लेकर आशंकाएं पैदा हो जाएंगी।


शानदार है गेंदबाजीभारत का गेंदबाजी आक्रमण अच्छा नजर आ रहा है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने वापसी के बाद अच्छा प्रदर्शन किया है और चैंपियंस ट्रॉफी को देखते हुए यह भारत के लिए अच्छा संकेत है। पिछले मैच में पदार्पण करने वाले हर्षित राणा को इंग्लैंड के आरंभिक बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने कड़ा सबक सिखाया था और वह काफी महंगे साबित हुए थे, लेकिन उन्होंने बेन डकेट और हैरी ब्रूक के कीमती विकेट लेकर अच्छी वापसी की थी।

अगर जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फिट नहीं हो पाते हैं तो फिर राणा के पास चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में जगह बनाने का मौका होगा।


इंग्लैंड को चाहिए जीतजहां तक जोस बटलर की अगुआई वाली इंग्लैंड की टीम का सवाल है तो उसे सीरीज जीवंत बनाए रखने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना होगा। उसके बल्लेबाजों को भी आक्रामक रवैया कम करके सधी क्रिकेट खेलना होगा। उसके बल्लेबाजों को भारतीय स्पिन गेंदबाजों की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि यहां की पिच से धीमी गति के गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है।


दोनों टीमें इस प्रकार हैं:भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, बेन डकेट, जो रूट, फिल सॉल्ट, जेमी स्मिथ, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, लियाम लिविंगस्टन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद और मार्क वुड।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: