Sunday, March 23, 2025

बलूचिस्तान में विद्रोहियों का बड़ा हमला, चार पुलिसकर्मियों की हत्या; पंजाबी मजदूरों को भी बनाया निशाना

SHARE

 बलूचिस्तान में विद्रोहियों का बड़ा हमला, चार पुलिसकर्मियों की हत्या; पंजाबी मजदूरों को भी बनाया निशाना


पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पाकिस्तानी पुलिस कर्मियों पर हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर विद्रोहियों ने पुलिस कर्मियों को निशाना बनाया है और चार पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी। ये हमला तब किया जब पुलिस गश्त में थी। पुलिस वैन को निशाना बनाया गया और हमले को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने में सफल रहे।


बलूचिस्तान में चार पुलसकर्मियों की हत्या (फाइल फोटो)

शनिवार को बलूचिस्तान के नुश्की जिले में हुए एक हमले में पाकिस्तान पुलिस के चार कर्मियों के मारे जाने की खबर सामने आई है। जिला अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी की घटना ग़रीबाबाद इलाके में हुई, जहां अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस की गश्त करने वाली वैन पर गोलीबारी की, जिसमें चार सुरक्षाकर्मी मारे गए। एआरवाई न्यूज ने ये जानकारी दी है।


बताया जा रहा है कि हमलावर मौके से भागने में सफल रहे। सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफ़राज़ बुगती ने हमले की कड़ी निंदा की और जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया।




बलूचिस्तान के सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की कसम खाई कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून का सामना करना पड़ेगा। बुगती ने इस हमले की निंदा एक कायरतापूर्ण कृत्य के रूप में की और दोहराया कि बलूचिस्तान में शांति और विकास प्रक्रिया को बाधित करने के ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे।

एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के पंजाब के चार मजदूरों को बलूचिस्तान के कलात जिले के मंगोचर इलाके में अज्ञात सशस्त्र हमलावरों ने गोली मार दी थी। रिपोर्टों के अनुसार, पीड़ितों की पहचान जीशान, खालिद, दिलावर हुसैन और मुहम्मद अमीन के रूप में हुई है, जो सभी पंजाब के सादिकाबाद के रहने वाले हैं। एआरवाई न्यूज के अनुसार, इफ्तार के समय मोटरसाइकिल पर सवार हथियारबंद लोगों ने उन पर हमला किया।

हमलावर भागने में रहे सफल

हमले के बाद मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर भागने में सफल रहे। पुलिस और बचाव अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। बताया जाता है कि पीड़ित एक स्थानीय जमींदार के लिए ट्यूबवेल खोद रहे थे।



बलूचिस्तान में पंजाब के लोगों को लगातार बनाया जा रहा है निशाना

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने अज्ञात बंदूकधारियों ने बरखान जिले में एक यात्री बस से पंजाब जा रहे सात लोगों को उतारकर उनकी हत्या कर दी थी। बलूचिस्तान में पंजाब के लोगों को निशाना बनाकर कई हमले किए गए हैं। डॉन के अनुसार, अप्रैल 2024 में दो अलग-अलग घटनाओं में नोशकी के पास एक बस से जबरन उतारकर नौ लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि केच में पंजाब के दो मजदूरों को गोली मार दी गई।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: