Sunday, September 14, 2025

Disha Patani के घर के बाहर क्यों हुई फायरिंग? एक बयान से मचा बवाल, डिटेल में जानें मामला

SHARE
Disha Patani के घर के बाहर क्यों हुई फायरिंग? एक बयान से मचा बवाल, डिटेल में जानें मामला


एक्ट्रेस दिशा पाटनी के परिवार के घर के बाहर शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना हुई। मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की जिसे दिशा की बड़ी बहन खुशबू पाटनी द्वारा हिंदू आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ की गई टिप्पणियों से जोड़ा जा रहा है। आखिर ऐसा क्या हुआ क्यों हुआ और इस पर पटानी फैमिली का क्या कहना है सबकुछ पढ़ें इस एक्प्लेनर में।


दिशा पाटनी के घर के बाहर हुई फायरिंग


 बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर शुक्रवार की सुबह दो अज्ञात लोगों ने आठ राउंड गोलीबारी की। इसे दिशा की बड़ी बहन खुशबू पाटनी जो कि पूर्व मिलिट्री ऑफिसर हैं, के द्वारा अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी से जोड़ा गया। हालांकि दिशा और खुशबू के पिता ने इस बात से इनकार किया और कहा कि उनकी बेटी की बातों को गलत तरीके से लिया गया है। लेकिन इस गोलीबारी ने सिक्योरिटी और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ें आखिर कब और कैसे ये घटना हुई, क्यों हुई और इसे लेकर पुलिस अब क्या कार्रवाई कर रही है।



पुलिस कर रही ये कार्रवाई

शुक्रवार 12 सितंबर की सुबह मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने बरेली के सिविल लाइंस स्थित विला नंबर 40 स्थित दिशा पाटनी के आवास के बाहर गोलीबारी की। पुलिस ने पुष्टि की है कि घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं और कोतवाली थाने में विभिन्न धाराओं के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने कहा, 'हमें रिटायर सीओ जगदीश पाटनी के आवास पर दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।




फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया


गैंगस्टर गोल्डी बरार ने बताई हमले की ये वजह

गैंगस्टर गोल्डी बरार ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा कि यह हमला खुशबू पटानी द्वारा आदरणीय आध्यात्मिक हस्तियों की आलोचना का जवाब था। पोस्ट में लिखा था, 'सभी भाइयों को जय श्री राम राम राम। मैं वीरेंद्र चरण, महेंद्र सरन (डेलाना)। भाइयों आज खुशबू पटानी/दिशा पटानी के घर (विला नंबर 40, सिविल लाइंस, बरेली, उत्तर प्रदेश) पर जो गोलीबारी हुई वह हमने करवाई। उन्होंने हमारे पूज्य संतों प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का अपमान किया। अगली बार अगर उसने या किसी और ने हमारे धर्म के प्रति अनादर दिखाया, तो उसके घर में कोई भी जिंदा नहीं बचेगा। यह मैसेज सिर्फ उसके लिए नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के सभी कलाकारों और उनसे जुड़े लोगों के लिए है।




फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया


क्या है पूरा मामला ?

इंटरनेट पर वायरल हुए एक वीडियो में खुशबू ने अनिरुद्धाचार्य की आलोचना की थी, जिन्होंने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिलाओं के बारे में टिप्पणी की थी। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि 25 साल से ज्यादा उम्र की महिलाएं अविवाहित महिलाएं कई रिलेशनशिप में रह चुकी होती हैं। वीडियो में खुशबू कहती सुनाई दे रही हैं, 'मुंह मार के आती हैं?' अगर वो मेरे सामने होते, तो मैं उन्हें 'मुंह मारना' का मतलब समझा देती। मैं उन्हें साफ-साफ समझा देती। ये तो देशद्रोही हैं, आपको ऐसे घटिया इंसान का कभी सपोर्ट नहीं करना चाहिए'।


उन्होंने आगे कहा, 'उन्होंने यह क्यों नहीं कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पुरुष भी ऐसा ही करते हैं, मुंह मारते हैं। क्या लिव-इन रिलेशनशिप में एक महिला अकेली होती है? लिव-इन में क्या गलत है? शादी से पहले लिव-इन में रहने का समझदारी भरा फैसला लेने और एक-दूसरे के परिवारों को बर्बाद न करने में क्या गलत है?' हालांकि बाद में यह वीडियो उनके सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया गया, लेकिन यह खूब फैला और धार्मिक समूहों ने इसकी कड़ी आलोचना की।


इसके बाद भागवत पुराण पर अपने आध्यात्मिक प्रवचनों के लिए जाने जाने वाले अनिरुद्धाचार्य ने बाद में माफी मांगी और दावा किया कि उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से लिया गया है और इसमें कुछ महिलाओं का जिक्र था, सभी का नहीं'। घटना के बाद, खुशबू पटानी ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियों को तोड़-मरोड़कर प्रेमानंद जी महाराज से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा, 'ऑनलाइन एक झूठी कहानी फैलाई जा रही है, जिसमें मेरा नाम पूज्य आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज जी के साथ जोड़ा जा रहा है। मेरे शब्द अनिरुद्ध आचार्य द्वारा की गई एक टिप्पणी के जवाब में थे'।


इस मामले पर पुलिस ने पुष्टि की है कि गोलीबारी के बाद परिवार को सशस्त्र सुरक्षा मुहैया कराई गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने जनता और पटानी परिवार को आश्वस्त किया कि हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है और टीमें अपराधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। गोल्डी बरार के नेटवर्क के बारे में भी अलर्ट जारी किया गया है।
SHARE

Author: verified_user

0 comments: