Sunday, July 30, 2017

चीनी सेना से प्रेसीडेंट चिनफिंग बोले ‘जंग के लिए रहो तैयार’

SHARE

पेइचिंग, एजेंसी। चीन ने फिर उकसाने वाली हरकत की है। दो महीने से जारी तनातनी के बीच ड्रैगन के शक्ति प्रदर्शन किया है। दरअसल, चीनी सेना ने पीपल्स लिबरेशन आर्मी की स्थापना के 90 साल पूरे होने पर रविवार को जमकर शक्ति प्रदर्शन किया है। इस दौरान सुदूर उत्तरी चीन स्थित एक सैन्य बेस पर एक बड़ी मिलिट्री परेड निकाली गई। इसमें नए एडवांस्ड फाइटर जेट्स से लेकर कई चीनी सैन्य टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह थी कि प्रेसीडेंट शी चिनफिंग भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने चीनी सेना से ‘युद्ध के लिए तैयार रहने’ के लिए कहा।  ऐसा पहली बार हुआ है जब राष्टÑपति शी चिनफिंग ने सैन्य टुकड़ियों का इस तरह मुआयना किया हो और वह भी सेना का लिबास पहनकर। यह मिलिट्री परेड सामरिक नजरिए से बेहद अहम है।  1949 के कम्युनिस्ट आंदोलन के बाद ऐसा भी पहली बार हुआ है जब 1 अगस्त को मनाए जाने वाले आर्मी डे से दो दिन पहले चीन ने अपनी सैन्य ताकत का इस तरह प्रदर्शन किया हो। टैंक, गाड़ियों पर लगे न्यूक्लियर मिसाइल्स, पारंपरिक फाइटर जेट्स से लेकर अत्याधुनिक जे 20 स्टेल्थ विमान इस मिलिटरी परेड में शामिल हुए।

बता दें कि पूरी दुनिया में चीन के पास सबसे बड़ी पैदल सेना है। चीन फिलहाल अपनी सेना के आधुनिकीकरण में जुटा हुआ है। इसी क्रम में उसने पैदल सैनिकों की संख्या घटाकर तकनीकी विकास पर ज्यादा जोर देने का फैसला किया है। उधर, डोकलाम सीमा पर करीब दो महीने से भारत और चीन की सेना आमने-सामने है। चीनी मीडिया और अधिकारियों द्वारा बार-बार युद्ध की धमकियों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें कामयाब होती नहीं दिख रही हैं। भारतीय एनएसए अजीत डोभाल भी हाल ही में चीन के दौरे पर थे, लेकिन सिक्किम सीमा पर जारी गतिरोध को दूर करने का कोई रास्ता नहीं निकल पाया।

SHARE

Author: verified_user

0 comments: